दून विश्वविद्यालय में स्व-जनगणना जागरूकता एवं हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस कार्यक्रम आयोजित
देहरादून। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्व-जनगणना अभियान को जन-जन तक पहुँचाने एवं अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दून विश्वविद्यालय में स्व-जनगणना जागरूकता एवं हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनगणना विभाग, उत्तराखंड की निदेशक श्रीमती ईवा आशीष श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) सुरेखा ध्यानी डंगवाल, कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, डीन डॉ. एच.सी. पुरोहित, जनपद देहरादून के जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल तथा जनगणना विभाग के उपनिदेशक राजू बनवारी एवं प्रदीप यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को और अधिक रोचक एवं प्रोत्साहनपूर्ण बनाने के लिए सर्वप्रथम स्व-जनगणना आईडी जनरेट करने वाले प्रतिभागियों में से प्रत्येक दस व्यक्तियों के समूह में लॉटरी के माध्यम से एक विजेता का चयन किया गया। जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव की ओर से कुलपति प्रो. (डॉ.) सुरेखा ध्यानी डंगवाल ने चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए।
कुलपति प्रो. (डॉ.) सुरेखा ध्यानी डंगवाल ने विश्वविद्यालय परिवार से इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विश्वविद्यालय परिसर से बाहर भी व्यापक जनजागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित जनगणना विभाग के अधिकारियों एवं जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल ने प्रतिभागियों को स्व-जनगणना की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों एवं ऑनलाइन प्रविष्टियों से संबंधित जानकारी प्रदान की। साथ ही अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुँचकर उन्हें निर्धारित अवधि में स्व-जनगणना पूर्ण करने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

