छह महीने के लिए बंद हुए वाण के लाटू देवता मंदिर के कपाट, बैसाख पूर्णिमा को फिर खुलेंगे
चमोली। उत्तराखंड के वाण गांव में स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर के कपाट मंगलवार को धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ अगले छह महीनों के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद अब श्रद्धालुओं को मंदिर के दर्शन के लिए बैसाख पूर्णिमा तक इंतजार करना होगा। इसी दिन मंदिर के कपाट दोबारा खोले जाएंगे।
मंगलवार सुबह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरा के अनुसार मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर मंदिर में प्रवेश किया। उन्होंने मंदिर के भीतर दीप प्रज्वलित किया, जिसके बाद विधिवत मुख्य कपाट बंद कर दिए गए। कपाट बंद होते ही मंदिर परिसर लाटू देवता के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर से जुड़ी है नागमणि की मान्यता
लाटू देवता मंदिर अपनी अनूठी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के कारण विशेष पहचान रखता है। मंदिर के पुजारी खीम सिंह के अनुसार, मंदिर के गर्भगृह में पुजारी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं है।
मान्यता है कि मंदिर के भीतर नागमणि विराजमान है, जिसे देखने से आंखों की रोशनी प्रभावित हो सकती है। इसी धार्मिक विश्वास के चलते श्रद्धालु मंदिर के मुख्य द्वार से करीब 12 मीटर की दूरी पर रहकर ही पूजा-अर्चना करते हैं।

