उत्तराखंडहल्द्वानी

2027 में भी पुष्कर पर विश्वास जताया-धामी सरकार के 4 साल बेमिसाल समारोह में राजनाथ बोले, धामी धाकड़ ही नहीं धुरंधर भी है

हल्द्वानीःमुख्यमंत्री पुष्कर  धामी सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होते ही 2027 का चुनावी माहौल भी तैयार होने लगा है। इसी कड़ी में हल्द्वानी में भव्य कार्यक्रम आयोजिक हुआ जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिरकत की। रक्षामंत्री ने सीएम धामी को धाकड़ से धुरंधर धामी कहकर ये संकेत भी दे दिया कि आने वाला चुनाव भी भाजपा धामी के नेतृत्व में लड़ने जा रही है।

बता दें कि 2022 के चुनाव के दौरान एक जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धाकड़ का उपनाम दिया था। अब 2027 के विधानसभा चुनाव का श्रीगणेश करने उत्तराखंड पहुंचे राजनाथ सिंह ने, सीएम को धाकड़ के साथ धुरंधर भी करार दिया है। साथ ही कहा है कि अपने कार्यकाल के छठवें साल में धामी 2027 में चुनावी सिक्सर लगाने के लिए तैयार हैं।

हल्द्वानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पूरी तरह फार्म में नजर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की तारीफ करते हुए, कहा कि उत्तराखंड आज हर तरह से आदर्श राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने 2022 की चुनावी सभा को याद करते हुए कहा कि तब उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए धाकड़ धामी कहा था, लेकिन अब राज्य सरकार के चार वर्ष के धुआंधार काम के आधार पर वो इस नतीजे पर पहुंचे हैं, कि धामी धुरंधर की तरह काम कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी अपने पहले चार साल के कार्यकाल में शानदार चौका लगाने का काम कर चुके हैं। 2027 के चुनावों तक मुख्यमंत्री के कार्यकाल को छठवां साल शुरु हो जाएगा, इस कारण वो अपने छठवें साल में सिक्सर लगाकर लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का काम करेंगे।रक्षा मंत्री ने महिला सशक्तिकरण, सैनिक कल्याण, आर्थिक उन्नति, आधारभूत सुविधाओं सहित सभी क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन के लिए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *