बनेंगे 20 नए विद्युत उपकेंद्र, छह जिलों की बिजली व्यवस्था और होगी मजबूत
उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र (यूपीएससीआर) में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अगले पांच वर्षों में 20 नए विद्युत उपकेंद्र बनाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन निगम ने इसकी योजना तैयार की है।
उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र (यूपीएससीआर) में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अगले पांच वर्षों में 20 नए विद्युत उपकेंद्र बनाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन निगम ने इसकी योजना तैयार की है। इससे यूपीएससीआर के छह जिलों लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली और हरदोई में बिजली आपूर्ति अधिक मजबूत और निर्बाध होगी। मौजूदा समय में कई उपकेंद्रों पर क्षमता से अधिक भार होने से आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
इन जगहों पर भी बनाए जाएंगे नए उपकेंद्र
बाराबंकी, नवाबगंज, हैदरगढ़ व सीतापुर में 400-400 केवी, उन्नाव, रायबरेली, बछरावां, बांगरमऊ व पुरवा में 220-220 केवी और हरदोई में 132 केवी का उपकेंद्र बनाया जाएगा।
विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक (वाणिज्य) रजत जुनेजा का कहना है कि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ये एक बड़ी योजना है। यदि किसी क्षेत्र में बड़ी फॉल्ट या पूरी लाइन में कोई खराबी है तो भी वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे राहत दी जा सकेगी। इसके लिए केंद्र सरकार से भी बजट मिलना है। लखनऊ में जो 765 केवी उपकेंद्र बनेगा उसके लिए एलडीए ने जेल रोड पर जगह दे दी है। इसमें थोड़ा समय लग जाएगा।
