हिमाचल प्रदेश

ग्रीन, येलो और सम्मान कार्ड हुए मर्ज, अब एक कार्ड पर 15% तक किराये में छूट

हिमाचल : हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने यात्रियों को बेहतर और एकीकृत सुविधा देने के उद्देश्य से ग्रीन कार्ड, येलो कार्ड और सम्मान कार्ड को एक मंच पर लाते हुए ‘हिम बस प्लस कार्ड’ शुरू करने का फैसला लिया है। यह नया कार्ड इसी सप्ताह प्रदेशभर के बस अड्डों और डिपो में बनाया जाना शुरू हो जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। निगम के अनुसार हिम बस प्लस कार्ड 365 रुपये के वार्षिक शुल्क पर उपलब्ध होगा। इस कार्ड के माध्यम से यात्रियों को यात्रा श्रेणी के अनुसार 5 से 15 फीसदी तक किराये में छूट मिलेगी। निगम ने कार्ड बनवाने के लिए यात्रियों को एक माह का समय देने का निर्णय लिया है।

एचआरटीसी का कहना है कि अलग-अलग श्रेणियों के कार्डों की जगह अब एक ही कार्ड से सभी रियायती सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी और कार्ड प्रबंधन व्यवस्था भी अधिक सरल व प्रभावी बनेगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पुराने ग्रीन, येलो और सम्मान कार्ड की जगह हिम बस प्लस कार्ड का ही उपयोग किया जाएगा। निगम ने प्रदेश के सभी डिपो प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को कार्ड जारी करने की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। अगले सप्ताह से प्रदेश के प्रमुख बस अड्डों पर आवेदन लेकर मौके पर ही कार्ड जारी किए जाएंगे।
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने कहा कि इस नई व्यवस्था से अधिक लोग सार्वजनिक परिवहन की ओर आकर्षित होंगे। इससे यात्रियों को आर्थिक लाभ मिलेगा, साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *