व्लॉग

कुंभ के लिए रेलवे तैयार

आगामी कुंभ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार हरिद्वार रेलवे स्टेशन के साथ ही ऋषिकेश और आसपास के कुल 10 रेलवे स्टेशनों को कुंभ रेलवे नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, ताकि यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हरिद्वार के अलावा ऋषिकेश, योगनगरी ऋषिकेश, हर्रावाला, रायवाला, मोतीचूर, ज्वालापुर, पथरी, लक्सर और रुड़की रेलवे स्टेशन का भी कुंभ संचालन योजना में उपयोग किया जाएगा।

इन स्टेशनों पर यात्रियों के दबाव को बांटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही कई नियमित ट्रेनों के इन स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।रेलवे की योजना के तहत सभी चयनित स्टेशनों पर टिकट काउंटर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और यात्री सूचना प्रणाली को मजबूत किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए होल्डिंग एरिया भी विकसित किए जाएंगे, जिससे स्टेशन परिसरों में अव्यवस्था की स्थिति न बने।कुंभ मेले के दौरान विशेष ट्रेनों का संचालन तो होगा ही, साथ ही कई नियमित ट्रेनों को भी स्थानीय स्टेशनों पर अस्थायी रूप से रोके जाने की तैयारी की जा रही है। इससे श्रद्धालुओं को हरिद्वार रेलवे स्टेशन तक ही सीमित नहीं रहना पड़ेगा और आसपास के स्टेशनों से भी आसानी से यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे का मानना है कि इससे भीड़ प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा और यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।रेलवे, राज्य सरकार और जिला प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर पूरी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। ज्वालापुर, मोतीचूर समेत अन्य स्टेशनों पर सुरक्षा दीवार, प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कुंभ मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रेल यात्रा का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *