जन्माष्टमी इस वर्ष चार सितंबर को मनाई जायेगी
काशीपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी इस वर्ष चार सितंबर को मनाई जाएगी। देशभर के मंदिरों और घरों में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा, भजन-कीर्तन और विशेष शृंगार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस दौरान अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र के संयोग रहेगा। निशीथ काल में श्री कृष्ण की विशेष पूजा की जाएगी।
पं0 दीपक शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाई जाती है। इस वर्ष अष्टमी तिथि चार सितंबर को सुबह करीब 2.25 बजे शुरू होगी और पांच सितंबर को रात करीब 12.13 बजे समाप्त होगी। इसलिए ज्यादातर जगहों पर चार सितंबर को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। क्योंकि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मध्यरात्रि में हुआ था इसलिए निशीथ काल में पूजा का विशेष महत्व है। निशीथ पूजा मुहूर्त रात 11.57 बजे से 12.43 बजे तक रहेगा। मध्यरात्रि का क्षण 12.17 बजे तक है।
