मध्य प्रदेश

दो सरकारी शिक्षकों का जलवा! राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन, 5 सितंबर को दिल्ली में सम्मान

मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश के दो सरकारी शिक्षकों को इस साल राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है। भोपाल की डॉ. अर्चना शुक्ला और सीधी के शैलेंद्र प्रताप सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। दोनों शिक्षकों को शिक्षक दिवस के मौके पर 5 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में पुरस्कार दिया जाएगा।

भोपाल स्थित सांदीपनि विद्यालय महात्मा गांधी की उच्च माध्यमिक शिक्षिका डॉ. अर्चना शुक्ला का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है। वह उच्च माध्यमिक कक्षाओं में शिक्षण कार्य कर रही हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान के लिए उनका चयन राजधानी के शिक्षा जगत के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

सीधी जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कंजवार में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह को भी राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। उनके चयन से सीधी के सरकारी स्कूल की उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर सामने आई है।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ से भी एक सरकारी शिक्षक का चयन हुआ है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार एमएस खिचारी शासकीय स्कूल की शिक्षिका सुनीता यादव को भी पुरस्कार के लिए चुना गया है।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार हर साल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को दिया जाता है। चयनित शिक्षकों को 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के दिन नई दिल्ली में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *