धनगढ़ी नाले पर पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे लोग, ब्रेक फेल होने से बेकाबू बस ने मारी टक्कर, 2 की मौत, कई घायल
रामनगर : रामनगर के पास NH-309 पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। धनगढ़ी नाले के पास बरसाती नाले का जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे लोगों को तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया। बताया जा रहा है कि बस का ब्रेक फेल हो गया था। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। मृतक व्यक्ति सरकारी शिक्षक थे जो अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार भारी बरसात के बाद धनगढ़ी नाला उफान पर है। इसलिए वहां से आवाजाही करने वाले लोग पानी के बहाव के कम होने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच 4 लोग भी इस कतार में खड़े थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार बस आई और रौंदते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे, जिस वजह से ये हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सभी घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
