उत्तराखंडदेहरादून

हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर बिजली का करंट फैलने की अफवाह से अचानक भगदड़ मच गई जिसमें 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि 35 से ज्यादा घायल

हरिद्वार : हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर बिजली का करंट फैलने की अफवाह से अचानक भगदड़ मच गई जिसमें 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि 35 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हादसे के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हमें करीब 9 बजे के आसपास सूचना मिली थी कि मनसा देवी मार्ग भगदड़ होने से कुछ लोग घायल हुए हैं। मौके पर पुलिस टीम पहुंची। करीब 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छह लोगों की मौत हो गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि करंट फैलने की अफवाह के चलते भगदड़ हो गई। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।

मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं। सीएम धामी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए के मुआवजे की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *